मध्य प्रदेशराज्य

ई-स्कूटी बैटरी में विस्फोट-भड़की आग: 2 बाइक, लाखों का जेवर, नकदी सहित बेटी के शादी की उम्मीदें जलकर राख

Table of Contents

शहडोल। जिले अमलाई थाना क्षेत्र में एक ऐसी दुर्घटना हुई, जिसने अब ई-वाहनों की गुणवत्ता और तकनीकी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। दरअसल, यह मामला अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड नंबर 12 का है। जहां महिला बाल विकास विभाग में पदस्थ सुपरवाइजर, सुनीता रजक के घर का है। जिनके घर के पहले कमरे पर बीती रात उनकी ई-स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। तभी अचानक उसकी बैटरी तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गयी और ई-स्कूटी एक बड़े आग के गोले में परिवर्तित हो गई। चंद मिनटों में ही आग की लपटों ने इस कदर विकराल रूप धारण किया कि, सुपरवाइजर का पूरा घर उसकी चपेट में आ गया‌।

प्राप्त जानकारी अनुसार, उक्त आग इतनी भीषण थी कि, कुछ ही देर में घर का सामान, दो बाइक, लाखों रूपए के जेवर, नकदी सहित बेटी के शादी की उम्मीदें जलकर खाक हो गईं। बताया गया कि, घर में रखा एक्वेरियम तक आग से नहीं बच सका और उसमें तैरती रंग-बिरंगी मछलियां भी जिंदा नहीं बचीं। आग इतनी तेजी से फैली कि, परिजनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दौरान धुआं और गर्मी इतनी ज्यादा थी कि, घर के अंदर मौजूद लोगों को अपनी जान बचाने के लिए दीवार फांदकर बाहर भागना पड़ा। बताया जा रहा है कि, घर के किचन में दो गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जो आग की जद में आ गए थे। अगर समय रहते उन्हें बाहर नहीं निकाला जाता तो और बड़ा विस्फोट भी हो सकता था। जिससे आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों सिलेंडरों को बाहर निकाला, जिससे एक बेहद बड़े हादसे को टाला जा सका। पीड़ितों ने बताया कि, बेटी की शादी के लिए रखा पूरा सामान भी जलकर खाक हो गया है। बताया कि, 21 अप्रैल को बेटी की शादी होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य सामान भी आग में पूरी तरह जल गए हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर के अंदर रखा एक्वेरियम भी आग की गर्मी से फट गया और उसमें मौजूद मछलियां भी जलकर मर गईं।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसने कड़ी मशक्कत के बाद करीब पांच घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि, तब अधिकांश कुछ सामान जलकर राख हो चुका था। हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है। जिस घर में कुछ दिनों बाद बेटी की शादी की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अब चारों तरफ राख और सन्नाटा पसरा हुआ है। इलाके के लोग भी इस घटना से काफी भयभीत हैं और ई-वाहनों की बैटरी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button