ईदमिलादुन्नवी पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था : 2 हजार का बल तैनात
पुलिस मुस्तैद, संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए फि क्स प्वाइंट

जबलपुर, यशभारत। नवरात्र पर्व के समापन के साथ ही पुलिस ईद ईदमिलादुन्नवी पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो हजार जवानों का बल लगाया गया है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में फि क्स प्वाइंट लगाए गए हैं। ईदगाह एवं मस्जिदों में तथा आसपास के क्षेत्रों में भी बल तैनात किया गया है।सीसीटीवी कैमरों से सभी क्षेत्रों में नजर रखी जा रही है। सादे कपड़ों में भी पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार ईद मीलादुन्नबी आज रविवार को मनाई जा रही है। इसके पूर्व पुलिस ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए खाका तैयार किया। शनिवार रात हनुमानताल थाना में सीएसपी अखिलेश गौर एवं प्रभात शुक्ला सहित आसपास के थानों के टीआइ सहित जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। अधिकारियों ने सभी संवेदनशील इलाकों के बारे में जवानों को समझाइश देते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।