भोपालमध्य प्रदेश
अन्धविश्वास : जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या

मण्डला lआदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के मोतीनाला थाना अंतर्गत एक बुजुर्ग महिला की जादू-टोने के शक में छह आरोपियों ने मिलकर इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हत्या करने के बाद आरोपियों ने महिला के शव को करीब 40 किलोमीटर दूर फेक दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार विगत 19 अप्रैल को मोतीनाला थाना क्षेत्र के सूरजपुरा गांव में घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने 60 वर्षीय सुद्धन बाई पर शराब के नशे में ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घटना स्थल से करीब 40 किलोमीटर दूर बुढनेर नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। महिला का शव गुरुवार को बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि महिला के परिजनों ने बुधवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि हत्या से पहले छह लोग शराब के नशे में महिला से विवाद कर रहे थे और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो छह लोगों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।