अगले माह से दूरदर्शन चैनल टीवी में बंद: डीटीएच के माध्यम से ही दूरदर्शन को देखा जा सकेगा
जबलपुर में तैनात 20 कर्मचारियों से तबादले के लिए मांगे आवेदन

जबलपुर। देश का पहला टीवी चैनल दूरदर्शन 62 साल बाद बंद होने जा रहा है। अब लोगों को दूरदर्शन साधारण तरीके से टीवी में देखने को नहीं मिलेगा इसके लिए डीटीएच या फिर रिचार्ज होने वाले केबिल बॉक्स में ही देखने को मिलेगा। दूरदर्शन के उपनिदेशक अनिल कुमार खरे ने इसके आदेश जारी करते हुए जबलपुर कार्यालय के कर्मचारियों से दूसरे स्थानों पर तबादले पाने के लिए आवेदन मांगा है।
जबलपुर केंद्र का शहर और आसपास 15 से 20 किलोमीटर दूर तक प्रसारण हो रहा है। दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र भोपाल के अधीन यह केंद्र संचालित है। इसमें समय-समय पर स्थानीय साहित्यकारों, कृषि, स्वास्थ्य, पशुधन विशेषज्ञों के साथ जनहित से संबंधित साक्षात्कार और अन्य कार्यक्रम प्रसारित होते रहे हैं। रंगमंच और साहित्यिक जगत से जुड़े स्थानीय लोगों के मंच साझा करने का एक माध्यम था।

जबलपुर में 1984 में दूरदर्शन चैनल की शुरूआत हुई
टीवी, जब पहली बार लोगों के घरों में आया तो उनके लिए ये किसी चमत्कार से कम नहीं था। टीवी आने की इतनी खुशी जितने किसी बच्चे के जन्म पर होती है। शहर में टीवी की दस्तक ने ग्रामीण क्षेत्रों तक में हलचल पैदा कर दी थी। ग्रामीण टीवी देखने शहर अपने रिश्तेदारों के यहां आते थे, कई बार तो मित्र या किसी परिचित के घर जाकर टीवी देखने में संकोच नहीं होता था। उन दिनों टीवी की दुनिया बहुत छोटी थी, लेकिन साल 1984 में दूरदर्शन चैनल की शुरूआत होने के बाद लोगों के जीवन में कई बदलाव आए।
15 सितंबर 1959 को देश में हुई शुरूआत
मालूम हो कि दूरदर्शन की शुरूआत 15 सितंबर 1959 को हुई थी पहले इसका नाम टेलीविजन इंडिया था इसका प्रसारण सप्ताह में तीन दिन होता था वह भी सिर्फ आधे घंटे के लिए। दूरदर्शन चैनल पर शुरूआती दिनों में बच्चों से जुड़ी स्कूली शिक्षा और किसानों के लिए कार्यक्रम प्रसारित होते थे। 1965 में दूरदर्शन का प्रसारण 7 दिनों कर दिया गया। इसके साथ ही 5 मिनट न्यूज बुलेटिन भी शुरू कर दिया गया।
खास बातें
-दूरदर्शन 31 अक्टूबर को रात 12 बजे बंद कर दिया जाएगा।
– अब दूरदर्शन को सिर्फ डीटीएच और पेय चैनलों के माध्यम से देखा जा सकेगा।
– जबलपुर आकाशवाणी में तैनात 20 कर्मचारियों का तबादला किया जाएगा।
– कर्मचारियों को किस जिले में ्रतबादला चाहिए इसके आवेदन मांगे गए है।
– एंटीना के माध्यम से अब दूरदर्शन का प्रसारण नहीं होगा।